अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के पड़री गांव में एक ही परिवार के दो होनहार बेटों ने अपनी मेहनत और लगन से उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव निवासी शुभम सिंह पुत्र शैलेन्द्र सिंह ने लोअर पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर मंडी परिषद में सचिव पद प्राप्त किया है। वहीं, इसी परिवार के उद्भव सिंह पुत्र रमाकांत सिंह ने निजी क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए आईसीआईसीआई बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर नियुक्ति पाई है। खास बात यह है कि उद्भव सिंह ने मात्र 22 वर्ष की उम्र में यह सफलता प्राप्त की, जबकि शुभम सिंह ने अपने पहले ही प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण कर मिसाल कायम की है।
इस उपलब्धि की खुशी में परिवार और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर तथा डीजे पर नृत्य कर जश्न मनाया। दोनों युवाओं को बधाई देने के लिए घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है।
मीडिया से बातचीत में शुभम सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य इससे भी बड़ा है और वे भविष्य में सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहते हैं। शुभम सिंह की बुआ मोनू सिंह ने उनकी प्रारंभिक शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उन्हें सिविल सेवा की तैयारी के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उनकी आंखें खुशी से नम हो उठीं और उन्होंने शुभम को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। चाचा सत्येंद्र सिंह ने भी दोनों युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने परिवार की पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाया है।
इस अवसर पर शिवपूजन सिंह, अंगद सिंह, बालमुकुंद सिंह, जितेंद्र सिंह ग्राम प्रधान, सुनीता सिंह, नीतू सिंह, नीलू सिंह, आलोक सिंह, भूपेंद्र सिंह, शक्ति सिंह, प्रदीप मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों, मित्रों और संबंधियों ने दोनों युवाओं को शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
रिपोर्ट-संतोष चौबे