अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया के सेमिनार हॉल में शनिवार को टेकपायनियरिंग 2026 का आयोजन हुआ। छात्रों के नवाचार, तकनीकी दक्षता और उद्यमिता की सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। आयोजन राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया, जिला उद्योग केंद् डीआईसी आजमगढ़ तथा इंडियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी बीएचयू उन्नत भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट प्रदर्शनी रही, जिसमें ग्रामीण और सामुदायिक विकास से जुड़े अभिनव मॉडल प्रमुख रहे। छात्रों ने स्मार्ट सिंचाई प्रणाली, सोलर आधारित ग्राम प्रकाश व्यवस्था, कम लागत जल शुद्धिकरण यूनिट, कचरा प्रबंधन प्रणाली, डिजिटल साक्षरता केंद्र, पोर्टेबल स्वास्थ्य जांच उपकरण, बायोगैस प्लांट और महिला स्वयं सहायता समूह प्लेटफॉर्म जैसे उपयोगी प्रोजेक्ट्स पेश किए। इन नवाचारों ने सतत विकास की दिशा में व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत किए।
अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त आजमगढ़ मंडल रंजन चतुर्वेदी ने की। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक डीआईसी आजमगढ़ आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि युवा पीढ़ी के नवाचार ही देश के विकास की असली ताकत हैं। विशिष्ट अतिथियों में विवेक राय और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के वक्ता प्रदीप यादव उपस्थित रहे।
संचालन निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि संस्थान ने पिछले तीन वर्षों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट हासिल किया है, साथ ही 50 से अधिक उद्योगों के साथ एमओयू और पांच इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर प्राचार्य आर जायसवाल, इवेंट हेड इंजी. ज्योति त्रिपाठी, इवेंट इंचार्ज रमा पांडेय समेत समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद