निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत रसीदगंज चौकी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी दूसरी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। मृतका की पहचान चिंता देवी पत्नी राजेंद्र मुसहर निवासी अलीपट्टी रानीपुर, थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। मृतका के पिता मुन्नी वनवासी निवासी शादियाबाद जनपद गाजीपुर ने थाना में राजेंद्र मुसहर के खिलाफ लिखित देते हुए दहेज कम मिलने के कारण हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। शनिवार की दोपहर थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात राजेंद्र मुसहर ने अपनी पत्नी पर चाकू, लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल मामले की गहन जांच और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र