अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भेलाडाड़ गांव में पारिवारिक रंजिश ने बुधवार को भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि मनबढ़ युवक ने अपने ही परिवार के बुजुर्ग सदस्य की लाठी-डंडों और लात-घूसों से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।
भेलाडाड़ निवासी सुनीता मिश्रा पत्नी दीनानाथ मिश्रा ने पुलिस को पूर्व में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके जेठ का पुत्र पवन कुमार मिश्रा पुत्र शम्भूनाथ मिश्रा लंबे समय से दबंगई के बल पर परिवार को प्रताड़ित करता रहा है। वह आए दिन गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था। 28 अप्रैल मंगलवार को दोपहर करीब 2 बजे पुरानी रंजिश को लेकर पवन कुमार मिश्रा ने फिर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने प्रार्थिनी के 80 वर्षीय ससुर रामसिंगार मिश्रा पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने बुजुर्ग को लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और हाथ भी टूट गया। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद