माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने रविवार सुबह अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर उनके खिलाफ नारेबाजी किया। उसके बाद सारे सफाई कर्मी अनिश्चितकाल तक साफ सफाई न करने की घोषणा करते हुए हड़ताल पर चले गए।
सफाई कर्मियों का कहना था कि जब तक अधिशासी अधिकारी माफी नहीं मांगते तब तक नगर का सफाई कार्य बाधित रहेगा। नगर पंचायत माहुल के 11 वार्डों में 28 सफाई कर्मी और दो सफाई नायक है। उनका कहना है कि आए दिन अधिशासी अधिकारी सफाई कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करते है।
सफाई नायक आशीष पाण्डेय का आरोप है कि शनिवार को जब वे कार्यालय पर आए तो वार्ड नं0 11 में साफ सफाई के बारे में अधिशासी अधिकारी ने उनसे पूछा आशीष ने जब उनसे यह कहा कि एक ही सफाई कर्मी उस वार्ड में है जिसके कारण वहां की साफ सफाई समय से और सही ढंग से नहीं हो पा रही। इस पर अधिशासी अधिकारी आग बबूला हो गए और उसे मां बहन की गाली देते हुए धक्का देकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इसी बात को लेकर रविवार सुबह सात बजे सारे सफाई कर्मियों ने सफाई का कार्य रोक कर कार्यालय पर पहुंच कर ईओ के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र कार्यालय पहुंचे और सफाई कर्मियों से साफ सफाई करने को कहा। ईओ ने सफाई नायक से बंद कमरे में आधे घंटे तक बात भी किया पर सफाई कर्मियों के आक्रोश को रोक नहीं पाए। उसके बाद सारे सफाई कर्मी अनिश्चितकाल तक नगर में साफ सफाई बंद करने की घोषणा करते हुए अपने अपने घर चले गए।
इस मौके पर सफाई नायक संजय कुमार, महेश मुन्ना, अमित, दीपक, सुनील, अजय संतोष, निसार, बंस बहाल, गुलाब, दिनेश, डब्लू, शहजादे, शैलेन्द्र गौड़, संजय गौड़ आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र का कहना है कि कई दिनों से विभिन्न वार्डाे के नागरिकों द्वारा सफाई कमियों की सही ढंग से और समय से सफाई न करने की शिकायत मिल रही थी। जिसके कारण सफाई नायक को बुला कर पूछताछ किया गया था। दुर्व्यवहार और गाली देने का आरोप निराधार है।
रिपोर्ट-श्यामसिंह