लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना तरवां क्षेत्र में रंगदारी वसूली और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर गैंग के चार आरोपियों को उचहुवा बघरा रोड स्थित मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक निसार अहमद पुत्र मंजूर अहमद, निवासी उचहुवा की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 19 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे आरोपी उचहुवा बाजार पहुंचे और 10 हजार रुपये नकद तथा एक पेटी बीयर की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ कर नुकसान भी पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपियों में गंगा यादव पुत्र भगवान दास, विनोद यादव पुत्र अलगू यादव, संतोष यादव पुत्र लाल मुनी यादव, निवासी बघरा थाना तरवां जनपद आजमगढ़ तथा वीरेंद्र यादव पुत्र नन्हकू यादव निवासी घटारो थाना भड़कुड़ा जनपद गाजीपुर शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गंगा यादव के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वीरेंद्र यादव पर भी हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पूर्व में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद