फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से कटकर एक दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फूलपुर कोतवाली के बहाउद्दीनपुर निवासी सरभन लाल 58 वर्ष पुत्र किशोरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह दिव्यांग थे। बहाउद्दीनपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर रेलवे ट्रैक पार करते समय गंगा-ताप्ती एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, करीब पांच महीने पहले उनकी पत्नी कैलाशी की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से ही सरभन लाल मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगे थे और अक्सर इधर-उधर भटकते रहते थे। वह गांव-गांव घूमकर झोलाछाप डॉक्टर के रूप में लोगों का इलाज भी करते थे। मृतक के परिवार में दो बेटे-जितेंद्र और विनोद हैं, जो दोनों शादीशुदा हैं। पुत्री वविता जीएनएम की पढ़ाई कर रही है। पिता की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय