एम.पी. मेमोरियल चिल्ड्रेन स्कूल का 25वां वार्षिकोत्सव संपन्न

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया क्षेत्र स्थित एम.पी. मेमोरियल चिल्ड्रेन स्कूल का 25वां वार्षिकोत्सव मंगलवार को हर्षाेल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की भारी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष फूलचंद यादव एवं पूर्व चेयरमैन रामचन्द्र जायसवाल उपस्थित रहे। मंडल महामंत्री दीपक सिंह ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार अपनाने का संदेश दिया।
वार्षिकोत्सव का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, समूह नृत्य, नाटक एवं सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास से पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंजता रहा।
विद्यालय के प्रबंधक राणा प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय की 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्था ने सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को विद्यालय की सफलता का आधार बताया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। अतिथियों ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *