लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हिलालपुर (विशंभरपुर) में डॉ. विमल तिवारी खंड शिक्षा अधिकारी लालगंज व प्रधानाध्यापक विनोद प्रजापति के नेतृत्व में वार्षिकोत्सव एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक बेचई सरोज, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उद्धव सिंह सोनू तथा चेयरमैन प्रतिनिधि शरद यादव लालगंज ने दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने अतिथियों व अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के छात्र शिवम विश्वकर्मा को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में जिले में 33वां स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। विधायक बेचई सरोज ने कहा कि इसी विद्यालय से पढ़कर कई छात्र डॉक्टर, आईएएस, पीसीएस व इंजीनियर बने हैं, जो शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार के बच्चे द्वारा जिले में 33वां स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उद्धव सिंह सोनू ने कहा कि यदि प्रत्येक शिक्षक हर वर्ष 10 बच्चों के जीवन को संवारने का संकल्प ले, तो किसी भी छात्र को कॉन्वेंट स्कूल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम में डॉ. सत्य प्रिया सिंह, सुदेश राय, वैभव सिंह ‘हैप्पी’, शिवम सरोज, शक्ति विजय यादव, रामसनेही प्रजापति, आनंद प्रधान, अनिल श्रीवास्तव, विजय शंकर सिंह, राकेश पांडे आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद