निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में आयोजित तीन दिवसीय सलाना जोड़ मेले का समापन रविवार को धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। गुरुद्वारा को आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। क्योंकि इस बार निजामाबाद गुरुद्वारा के हाल का नवनिर्माण किया गया था जिसके कारण गुरुद्वारा कि भव्यता और अधिक हो गई थी।
समापन के दौरान गुरुद्वारा परिसर “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से गूंज उठा दूर-दराज से पहुंची सिख संगत ने गुरुद्वारा में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया और अटूट लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। मेले के दौरान गुरुद्वारा परिसर में निजामाबाद की प्रसिद्ध मिट्टी के बर्तनों की दुकानों की भी विशेष रौनक देखने को मिली, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आई संगत जमकर खरीदारी कर रहे थे। कार्यक्रम में दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, बिहार, लखनऊ, वाराणसी, सुल्तानपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, कानपुर, प्रतापगढ़ आदि जगहों से सिख संगते आई हुई थीं।
गुरु का ताल आगरा से आए बाबा प्रीतम सिंह, जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह, ग्रंथी जगदीश सिंह, बाबा केवल सिंह, हरजीत सिंह तथा गतका मास्टर गुरुनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। निजामाबाद पुलिस फोर्स तैनात रही। थाना प्रभारी हिरेंद्र प्रताप सिंह अपने हमराहियों के साथ लगातार सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे। अंत में निजामाबाद गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार बाबा सतनाम सिंह ने सिख संगतों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र