ट्रक की टक्कर से 4 माह की मासूम की मौत, नाना-नानी घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बरडीहा मोड़ के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके नाना-नानी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के करियागोपालपुर निवासी इंद्रमणि राम (62) अपनी पत्नी रामवती देवी (58) और 4 माह की नातिन अस्मिता (पुत्री प्रवीण कुमार, निवासी शेखपुर अकबरपुर तरफकाजी) के साथ लूना मोटरसाइकिल से चंदवक दवा लेने जा रहे थे। जैसे ही वे कंजहित बाजार के पास बरडीहा मोड़ स्थित रघुवंशी होटल के सामने पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम अस्मिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रामवती देवी को वाराणसी रेफर कर दिया गया, जबकि इंद्रमणि राम को हल्की चोटें आने के बाद प्राथमिक उपचार के उपरांत घर भेज दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की मां सविता (30) का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उनकी एक और बच्ची की भी मृत्यु हो चुकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। कोतवाल विमल प्रकाश राय, एसएसआई योगेंद्र सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं और फरार चालक की तलाश में जुट गए हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *