बरदह थाने से निकली महिला सशक्तिकरण बाइक रैली

शेयर करे

ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना परिसर में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली गई।
रैली की शुरुआत बरदह थाना परिसर से हुई, जो क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः थाना परिसर में आकर समाप्त हुई। इस दौरान बाइक रैली में स्कूल की छात्राओं, महिला पुलिस कर्मियों एवं अन्य पुलिस स्टाफ की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पुलिस वाहनों के सायरन से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और लोगों में जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने कहा कि महिला सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता है। इस बाइक रैली के माध्यम से हमने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ें और खुद को सुरक्षित महसूस करें। पुलिस हर कदम पर उनके साथ है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने इस पहल की सराहना की। यह बाइक रैली महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
रिपोर्ट-एमके राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *