मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बा स्थित न्यू ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा फल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को अंक पत्र, सर्टिफिकेट, शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अपनी साल भर की मेहनत का फल पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश की धरोहर और कल का भविष्य हैं। वे एक कच्चे घड़े के समान होते हैं, शिक्षक उन्हें जैसा चाहें वैसा आकार देकर नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय एक मंदिर है जहाँ सभी धर्म और वर्ग के लोग शिक्षा लेने आते हैं, अतः यहाँ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में आरुषि मोदनवाल और हर्ष यादव को सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के प्रबंधक चंद्रिका प्रताप यादव ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी तीनों एक-दूसरे के पूरक हैं और इनके बिना समाज का विकास संभव नहीं है। कार्यक्रम का सफल संचालन वाइस प्रिंसिपल दिलीप मिश्रा ने किया। समारोह में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल, पूर्व परिवहन अधीक्षक रामसेवक सोनकर, राजेश मोदनवाल, ऋषि त्रिपाठी और अमरनाथ बरनवाल उपस्थित रहे। इस दौरान बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों में भी भारी उत्साह देखा गया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *