अरुण कुमार श्रीवास्तव के सभासद मनोनीत होने से हर्ष

शेयर करे

मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आजमगढ़ जनपद की प्रतिष्ठित मुबारकपुर नगर पालिका में सभासदों का मनोनयन किया गया है। इसमें भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता और श्री गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय (मालटारी) के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ‘आलोक’ को मनोनीत सभासद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनकी इस नियुक्ति की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। इस दौरान हर्षाेल्लास के बीच कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त सभासद को फूल-मालाओं से लाद दिया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। उनकी इस नियुक्ति से क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है।
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा, कि यह मेरे लिए अत्यंत गर्व और विनम्रता का क्षण है। पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूँगा। यह पद मेरे लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि जनता की सेवा का एक पवित्र अवसर है।
उन्होंने इस दायित्व के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व सहित क्षेत्रीय अध्यक्ष (गोरखपुर क्षेत्र) सहजानंद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविन्द जायसवाल, निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष लालगंज सूरज श्रीवास्तव और नगर अध्यक्ष बृजेश चौरसिया का विशेष रूप से आभार प्रकट किया।
अरुण कुमार श्रीवास्तव ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि वे संगठन की मर्यादाओं का पालन करते हुए पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे और मुबारकपुर नगर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *