रसोई गैस को लेकर लंबी कतारों से उपभोक्ता और एजेंसी संचालक परेशान

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर इन दिनों अफरा-तफरी का माहौल है। गैस की नियमित आपूर्ति के बावजूद उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों को समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। हालात यह हैं कि सुबह चार बजे से ही गैस गोदामों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग जा रही हैं।
क्षेत्र में ब्लॉक और तहसील स्तर पर दर्जनों गैस एजेंसियां संचालित हैं। प्रतिदिन गैस प्लांट से ट्रकों के जरिए सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है और सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वितरण भी किया जा रहा है, इसके बावजूद भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही।
काला बाजारी रोकने के लिए आपूर्ति विभाग की टीमें भी सक्रिय हैं और केवाईसी व ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं। इसके चलते दुकानों पर व्यावसायिक उपयोग के लिए गैस का प्रयोग लगभग बंद हो गया है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। फूलपुर इंडेन गैस सेवा के प्रबंधक पवन कुमार के अनुसार, “कोई गैस संकट नहीं है। प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर आ रहे हैं। आज 360 सिलेंडरों का ट्रक आया है, जिसका वितरण शाम तक कर दिया जाएगा। इसके बावजूद एजेंसी कर्मचारियों को भारी दबाव झेलना पड़ रहा है। लगातार खड़े रहकर काम करने से कर्मचारी थकान और तनाव का सामना कर रहे हैं। कैश काउंटर पर भीड़ और शोर-शराबे के कारण लेन-देन में गड़बड़ी की स्थिति बन रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *