आंगनबाड़ी और विद्यालय मिलकर कार्य करें तो बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा होगी अधिक सुदृढ़-अमरनाथ राय

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले के ब्लॉक संसाधन केंद्र पल्हनी पर सोमवार को “हमारे आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम प्रधानों, स्थानीय प्राधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों की एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी एवं परिषदीय विद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित कर नौनिहालों का सर्वांगीण विकास तथा गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को सुनिश्चित करना था।
मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य अमरनाथ राय ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा, पोषण एवं देखभाल को एक साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यदि आंगनबाड़ी और विद्यालय मिलकर कार्य करें तो बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। वही विशिष्ट अतिथि अजय तिवारी ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा उनके शैक्षिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।
उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिसमे सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपेंद्र दत्त शुक्ला, रविंद्र यादव, दीनानाथ मौर्य, बृजेश यादव, एआरपी पंकज सिंह, जितेंद्र मौर्य, अजय सिंह, योगेश गुप्ता, राजेश कुमार, यशवंत सिंह, देवेंद्र राय, संजय सिंह, सरोज सिंह, सीमा त्रिपाठी, राजन शुक्ला, जितेंद्र कुमार, नंदलाल यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *