महाराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लॉक सभागार में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आरोग्य योजना के तहत अब जनपद में राशन डीलर, आशा, आंगनबाड़ी की सहायिका, पीएचसी सखी और सामुदायिक स्वास्थ्य ऑफिसर व ग्रामीण क्षेत्र में फार्मासिस्ट भी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवा पाएंगे। शासन के दिशा निर्देश पर विशेष आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड का अभियान चलाया जा रहा है।
केंद्र सरकार की योजना में अभी कई परिवार के कार्ड नहीं बने हैं। पात्र लोग स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर लगाते हैं। शत-प्रतिशत लक्ष्य के लिए अब राशन डीलर, आशा, आंगनबाड़ी की सहायिका, पीएचसी सखी, सीएचओ और फार्मासिस्ट को शामिल किया गया है। अब जरूरतमंद व पात्र व्यक्ति नजदीकी कोटेदार या चिह्नित व्यक्तियों के पास जाकर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं।
महराजगंज सीएचसी प्रभारी ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारक, जिनका गरीबी रेखा से नीचे के राशन कार्ड गुलाबी व लाल कार्ड वाले शत-प्रतिशत लाभार्थी हैं। कार्ड बनवाने के लिए आधारकार्ड के साथ मोबाइल को साथ ले जाना अनिवार्य है। महाराजगंज ब्लॉक क्षेत्र में लगभग 24000 कार्ड बनवाने का लक्ष्य रखा गया है जिसमें 9000 कार्ड बनवा दिए गए हैं शेष 15000 कार्ड बनवाना अभी बाकी है।
बैठक में खंड विकास अधिकारी राम सागर सिंह, सीएससी प्रभारी डा.योगेश कुमार गौतम, सप्लाई इंस्पेक्टर पंकज कुमार के साथ-साथ अन्य लोग उपस्थित रहे।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम अशोक कुमार की अध्यक्षता में बीडीओ इशरत रोमेल ने बैठक की। बीडीओ इशरत रोमेल ने बताया कि गांवों में छः सदस्यीय परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर के सीएचओ को आईडी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने सभी आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, उचित दर विक्रेताओं और पंचायत सहायकों से कहा कि वे सीएचओ को सहयोग करते हुए सूची में दर्ज परिवारों के आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके।
बैठक के दौरान एडीओ पंचायत राममिलन, चिकित्साधीक्षक फूलपुर अखिलेश कुमार, आपूर्ति निरीक्षक गौरव शर्मा, एडीओ समाज कल्याण गौरव यादव, संदेश कुमार, अनूप मौर्य, हितेंद्र सिंह तथा आंगनबाड़ी सुपरवाइजर उर्मिला पांडे आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र/मुन्ना पाण्डेय