लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के भीरा चौराहा पर आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पार करते समय साइकिल सवार दो सगी बहनों को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 13 वर्षीय खुशी की मौत हो गई। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोफीपुर गांव निवासी दो सगी बहनें, संध्या 16 वर्ष और खुशी 13 वर्ष, रविवार की दोपहर करीब 12 बजे साइकिल से लालगंज बाजार दवा लेने जा रही थीं। इसी दौरान भीरा चौराहा पर नेशनल हाईवे पार करते समय आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रही एक चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल दोनों बहनों को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर वाराणसी में इलाज के दौरान रविवार शाम खुशी ने दम तोड़ दिया, जबकि संध्या का इलाज पीजीआई आजमगढ़ से रेफर होकर ट्रामा सेंटर वाराणसी में चल रहा है। देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार और चालक को कब्जे में ले लिया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद