निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। एक भटका हुआ मंद बुद्धि युवक सामाजिक कार्यकर्ता के प्रयास से पांच दिन बाद अपने परिवार से मिला। युवक के पिता ने सामाजिक कार्यकर्ता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
बीते 11 मार्च को तहसील निजामाबाद के पास भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय के सामने एक युवक तख्त पर लेटा मिला। भाकपा जिला सचिव एवं अधिवक्ता जितेंद्र हरि पाण्डेय ने उस युवक को देखकर उसे जगाया। उसके पास एक साइकिल भी थी। लगभग 27 साल के उस युवक से नाम पूछने पर कुछ नहीं बोला। उसे कॉमरेड ने जलपान कराया। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को उसी स्थान पर फिर पाण्डेय ने उसे देखा और बहुत द्रवित हुए। उसके बाद वे एसडीएम से मिलकर पूरी घटना को बताते हुए निवेदन किए कि इस युवक को कहीं सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया जाय। एसडीएम ने मानवीय कर्तव्य दिखाते हुए अंबरपुर गांव में समाज कल्याण द्वारा संचालित वृद्धाश्रम के संचालक को निर्देशित किया कि इस युवक को आश्रम में पनाह दें। इसके बाद श्री पाण्डेय ने देर शाम उस युवक को ले जाकर वहां छोड़ दिया।
श्री पाण्डेय ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर डाल दिया। शुक्रवार को सुबह 9 बजे उन्हें फोन आया कि वह युवक सरायमीर थाने के गांव कोलपुर कुशहा का निवासी है। इसके बाद वृद्धाश्रम से भी फोन आया कि लड़के के पिता उसे लेने आए हैं। आप आकर औचारिकता पूरी करा दें जिससे उसे उसके पिता को सुपुर्द कर दिया जाय। श्री पाण्डेय ने बताया जब वह वृद्धाश्रम पहुंचे तो लड़के के पिता ने अपना नाम लालचंद और बेटे का नाम संतोष बताया। उन्होंने कहा कि यह 8 मार्च से लापता था और हम बहुत ढूंढे कहीं पता नहीं लगा। उन्होंने श्री पाण्डेय के ऐसे प्रयास की सराहना की। इस बात की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र