कुरान मुकम्मल, हाफिज अहसन जिया का हुआ सम्मान

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर नंदापुर देवगांव की छोटी मस्जिद में तरावीह की नमाज़ के दौरान कुरान शरीफ के मुकम्मल तिलावत पर एक रूहानी माहौल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर तरावीह की नमाज़ पढ़ाने वाले हाफिज अहसन जिया का माला पहनाकर सम्मान किया गया और उन्हें मुबारकबाद दी गई।
रमज़ान के पूरे महीने मस्जिद में नियमित रूप से तरावीह की नमाज़ अदा की जाती रही, जिसमें आसपास के नमाज़ी शामिल हुए। तरावीह में कुरान शरीफ हाफिज अहसन जिया ने सुनाया। उन्होंने बेहद मधुर आवाज़ और बेहतरीन अंदाज़ में कुरान की तिलावत की। कुरान मुकम्मल होने के अवसर पर मस्जिद में एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नमाज़ियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान हाफिज अहसन जिया का सम्मान किया गया। लोगों ने उनकी मेहनत, लगन और खूबसूरत क़िरअत की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआ की।
इस मौके पर उलेमा ने कहा कि रमज़ान का महीना कुरान से अपना संबंध मजबूत करने का महीना है। कुरान की तिलावत और उस पर अमल ही दुनिया और आख़िरत में कामयाबी का ज़रिया है। अंत में विशेष दुआ हुई, जिसमें इलाके की खुशहाली, देश में अमन-चैन और भलाई के लिए दुआ मांगी गई।
इस अवसर पर मौलाना वसीउल्लाह, हाफिज मोहम्मद अफ़ज़ल, निजामुद्दीन, मोहम्मद यासीन, अबुल असर, मोहम्मद मुनव्वर आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *