पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज कस्बा स्थित रामसमुझ गैस एजेंसी पर इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सिलेंडर के दाम बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुस्लिम देशों के बीच चल रहे तनाव व अफवाहों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत की चर्चा फैल गई है। इसके चलते उपभोक्ताओं में घबराहट का माहौल बन गया है और लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।
बिलरियागंज स्थित रामसमुझ इंडियन गैस एजेंसी पर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए। एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी लाइन लग गई और घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पाया। एजेंसी पर काम कर रहे कर्मचारी तीर्थ कुमार ने बताया कि एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध है, लेकिन सीमित मात्रा में आ रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर दिया जा रहा है, जिनके मोबाइल पर ऑनलाइन बुकिंग के बाद ओटीपी प्राप्त हो रहा है। ओटीपी दिखाने के बाद ही सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। उपभोक्ताओं के सुविधा के लिए कई काउंटर भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों गैस की सप्लाई कम मात्रा में आ रही है, जबकि रमजान माह और कुछ अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं की संख्या अचानक बढ़ गई है। यही वजह है कि एजेंसी पर भीड़ का दबाव बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाए और घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
रिपोर्ट-बबलू राय