पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर मानपुर ग्राम सभा में होली का पर्व आज भी पुरानी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के साथ जीवंत रूप में मनाया जाता है। यहां गांव के लोग एकजुटता और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करते हुए सामूहिक रूप से ढोल-मंजीरा के साथ पूरे गांव में फाग, चौता, होरी, चौताल और धमार गाते हुए हर घर के दरवाजे पर पहुंचते हैं।
बरसों से चली आ रही इस परंपरा में गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। दोपहर से शुरू होने वाला यह सांस्कृतिक कारवां पूरे गांव में घूमता है और रात करीब 9 बजे शिव मंदिर चांदपुर सरैया बाजार के प्रांगण में संपन्न होता है। इस दौरान जहां-जहां टोली पहुंचती है, वहां घर के लोग पूरे आदर और उत्साह के साथ उनका स्वागत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान गांव के ही कौशल राय, अशोक कुमार राय, अभय राय, अजय राय, विजय राय, नरेंद्र राय, वीरेंद्र राय, राम जी राय, हरिश्चंद्र पांडेय आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय