लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित एडवोकेट एक्ट में संशोधन के विरोध में अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को तहसील परिसर में चक्रमण कर आक्रोश जताया और राष्ट्रपति तथा मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांग पत्र एसडीएम राजकुमार बैठा को सौंपा।
एडवोकेट एक्ट संशोधन बिल से आक्रोशित अधिवक्ताओं की एक आपात बैठक शुक्रवार को दी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह और तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यमणि यादव की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे संशोधन पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई और सर्वसम्मति से इसे वापस लेने की मांग की गई। साथ ही मुख्यमंत्री से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट सहित अन्य मांगों को तत्काल लागू करने की अपील की गई।
बैठक के उपरांत अधिवक्ताओं ने नगेंद्र सिंह और सूर्यमणि यादव के नेतृत्व में सरकार विरोधी नारे लगाते हुए राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय तथा मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा। कार्यक्रम का संचालन कर रहे वरिष्ठ समिति के चेयरमैन समर बहादुर सिंह ने इस अवसर पर प्रस्तावित संशोधन बिल की विस्तृत जानकारी दी।
ज्ञापन देने वालों में धर्मेश पाठक, अमरनाथ यादव, राजेंद्र प्रसाद सिंह, राम सेवक यादव, राजेंद्र लाल श्रीवास्तव, राजनाथ यादव, हामिद अली, शीतला प्रसाद राय, ओमप्रकाश वर्मा, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार राय, लल्ले मिश्रा, इंद्रभानु चौबे, अंजनी सिंह, जितेंद्र सिंह, विनय चतुर्वेदी, प्रशांत राय, शिव प्रकाश यादव, देवेंद्र नाथ पांडेय, कैलाश सिंह आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद