अहरौला थाना क्षेत्र में 160 स्थानों पर होगा होलिका दहन

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी होली के त्यौहार को शांति के साथ सम्पन्न कराने के लिए अहरौला पुलिस द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। होलिका दहन और रंगोत्सव के दिन पूरे थाना क्षेत्र में पुलिस और पीएसी बल की तैनाती और अराजक तत्वों को चिन्हित करने में पुलिस लग गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अतिसंवेदनशील माहुल पुलिस चौकी क्षेत्र के 22 स्थानों के साथ ही साथ पूरे थाना क्षेत्र में कुल 160 स्थानों पर होलिका दहन होता है और 200 गावों में रंगोत्सव मनाया जाता है। इस वर्ष होली का पर्व रमजान के महीने में मनाया जाएगा। जिसके कारण पुलिस द्वारा काफी सतर्कता बरती जा रही। होलिका दहन से लेकर रंगोत्सव के दिन तक हर गांव में पुलिस की तैनाती के साथ ही साथ पूरे थाना क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया है। हर सेक्टर में एक सबइंस्पेक्टर और चार सिपाही चार पहिया वाहन से पूरे क्षेत्र में चक्रमण करेंगे। पुलिस उपद्रवी तत्वों को चिन्हित कर उन्हें पाबंद करने में लगी है।
इनसेट
माहुल में रहेगी खास सतर्कता

माहुल (आजमगढ़)। माहुल पुलिस चौकी का क्षेत्र मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र है। जिसके कारण पुलिस यहां काफी सतर्कत दृष्टि रख रही। होली के दिन यहां डेढ़ सेक्शन पीएसी बल के साथ ही साथ स्थानीय पुलिस मस्जिदों के आसपास और चौराहों पर तैनात रहेगी। पुलिस द्वारा इस क्षेत्र के आठ डीजे संचालकों को नोटिस देने के साथ ही साथ शांति भंग की धाराओं में पाबंद किया गया है। क्षेत्र के 60 अराजक तत्व पुलिस के रडार पर है।

थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्र ने बताया कि होलिकादहन और रंगोत्सव को शांति और सौहार्द्य के साथ सम्पन्न कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र के जितने अराजक तत्व है पुलिस की निगाह में है। जो भी त्यौहार में खलल डालेगा पुलिस उससे सख्ती से निबटेगी। पूरा क्षेत्र पुलिस की निगरानी में रहेगा।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *