मां के नाम पर समर्पित किया निःशुल्क शिक्षण संस्थान

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के महुवारा गांव में निःशुल्क पठन-पाठन और कोचिंग के लिए स्थापित मां देवव्रती शिक्षण संस्थान के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। बुधवार को संस्थान में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया।
महुवारा गांव निवासी समाजसेवी एवं कारोबारी राजमणि यादव ने कुछ माह पूर्व अपने पैतृक दो मंजिला मकान को निःशुल्क शिक्षण एवं कोचिंग के लिए समाज को समर्पित किया था। वर्तमान में इस संस्थान में 230 से अधिक बच्चे निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे थे, जो अब बढ़कर 340 हो गई है।
बढ़ती छात्र संख्या को देखते हुए संस्थान के विस्तार के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण की आवश्यकता महसूस की गई, जिसके लिए रामयश यादव एवं राजकिशोर यादव द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया गया। राजमणि यादव ने बताया कि बचपन में ही उनकी माता का निधन हो गया था और उन्होंने अत्यंत गरीबी में जीवन व्यतीत किया।
उन्होंने कहा कि जब मैं कक्षा पांच का छात्र था, तभी मेरी मां का देहांत हो गया। उस समय भोजन और चप्पल तक के लिए संघर्ष करना पड़ता था। आज जब मैं कुछ करने लायक हुआ हूं, तो मेरी मां इस दुनिया में नहीं हैं। इसलिए मैंने अपने संस्थान का नाम मां देवरती शिक्षण संस्थान रखा है। अब यही संस्थान मेरी मां का स्वरूप होगा।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त कक्ष का निर्माण बेसिक शिक्षा नियमावली के अनुरूप कराया जा रहा है, जिसका निरीक्षण हाल ही में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जा चुका है। अप्रैल माह तक भवन निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है तथा मान्यता से संबंधित सभी औपचारिकताएं विधि सम्मत तरीके से पूरी की जा रही हैं।
भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए राजमणि यादव ने कहा कि आगे चलकर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को आईएएस, पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग देने की भी ठोस रणनीति तैयार की जा चुकी है।
इस मौके पर विजय बहादुर सिंह जिला पंचायत सदस्य, संतोष सिंह, शेषनाथ यादव आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *