अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के पकरडीहा गांव स्थित समाजसेवी के आवास पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया।
आयोजन के मुख्य अतिथि आइडियल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं साहित्यकार संजय कुमार पांडेय ‘सरस’ रहे। उन्होंने अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक सभा उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य बृजेश कुमार सिंह उर्फ अनिल सिंह, प्रमुख समाजसेवी अमरेश सिंह, कोयलसा महाविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष दयानंद शुक्ला तथा समाजसेवी विजय बहादुर उपाध्याय को सम्मान पत्र, अंगवस्त्र एवं एसोसिएशन की वार्षिक पत्रिका आइडियल इंडिया भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि बृजेश कुमार सिंह उर्फ अनिल सिंह ने कहा कि आइडियल जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा समाज में सकारात्मक कार्य करने वालों को सम्मानित करने की परंपरा अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संगठन को जहां भी आवश्यकता होगी, वे हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित दयानंद शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। तमाम चुनौतियों और संसाधनों की कमी के बावजूद पत्रकार ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी अमरेश सिंह ने कहा कि उनके आवास पर इस प्रकार का आयोजन होना गर्व की बात है। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। अंत में कार्यक्रम के आयोजक समाजसेवी यशवंत सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा किया गया यह आयोजन समाज को जोड़ने वाला है। भविष्य में भी वे सामाजिक और रचनात्मक कार्यों में संगठन के साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन करते हुए आइडियल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव संजय कुमार पांडेय ‘सरस’ ने अपनी शेरो-शायरी से माहौल को खुशनुमा बना दिया। उन्होंने कहा कि यशवंत सिंह एक मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं और समाज में रचनात्मक कार्य करने वालों को सदैव सम्मान देते रहे हैं। इस अवसर पर पिंटू सिंह, रामजीत सिंह, नवनीत सिंह, मनोज पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद