लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में शुक्रवार को जॉब फेयर-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. बीके त्रिपाठी ने किया।
उद्घाटन सत्र में प्रो. बीके त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले विद्यार्थियों को उद्योग जगत से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इससे छात्रों को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ उद्योगों की अपेक्षाओं को समझने का भी अवसर मिलता है। उन्होंने संस्थान द्वारा किए जा रहे प्लेसमेंट एवं कौशल विकास प्रयासों की सराहना की।
कुलसचिव डॉ. अम्बरीष सिंह ने संस्थान की एक दशक से अधिक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ प्रत्यक्ष साक्षात्कार एवं चयन का अवसर उपलब्ध कराना है। ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर विशाल कुमार ने बताया कि जॉब फेयर में लेंसकार्ट, कोजेंट सर्विसेज लिमिटेड, सफायर वेब, सिग्निटी कॉर्पाेरेट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, द हाइ टेक गियर्स प्राइवेट लिमिटेड, इंटरनेशनल ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स लिमिटेड सहित 11 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इसमें 16 संस्थानों के लगभग 400 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत तकनीकी एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 150 से अधिक विद्यार्थियों को जॉब ऑफर प्रदान किए गए।
इस अवसर पर डॉ. कौशल शुक्ला, डॉ. अनीश कुमार, चैतन्य निधि, विपिन महादेवन, अमित भास्कर आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद