“हमारा आंगन, हमारे बच्चे” कार्यक्रम में निपुण बच्चों को किया गया सम्मानित

शेयर करे

बिलरियागंज, पटवध, आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत बुधवार को “हमारा आंगन, हमारे बच्चे” कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड सभागार बिलरियागंज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, बाल विकास और समाज के समन्वय की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रमेश यादव प्रमुख प्रतिनिधि, बिलरियागंज रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में निरुपमा गुप्ता (प्रवक्ता, डायट आजमगढ़) की उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त खंड विकास अधिकारी बिलरियागंज, बाल विकास परियोजना अधिकारी बिलरियागंज, एसआरजी राम बदन यादव, शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के समस्त आरपी, नोडल, संकुल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका, सुपरवाइजर तथा प्रत्येक न्याय पंचायत से चयनित पांच-पांच निपुण बच्चे कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में निपुण बच्चों को पठन उपयोगी सामग्री, प्रेरक एवं रोचक पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के समस्त शिक्षक, शिक्षा मित्र एवं अनुदेशकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
मुख्य अतिथि रमेश यादव ने अपने संबोधन में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बाल विकास परियोजना विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं शिक्षकों ने निपुण गीत के माध्यम से बेसिक शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र/बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *