लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कोटा बुजुर्ग सरूपहा मार्ग पर स्थित नहर में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।
नहर में मिला शव कोटा बुजुर्ग निवासी चंद्रेश उर्फ चंदा हरिजन (50) पुत्र गणपत का है। शव देखे जाने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान सुनील राजभर को दी। ग्राम प्रधान ने मोबाइल के माध्यम से देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई कराई।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि मृतक बीते 13 जनवरी से घर से लापता था। उसका पूरा परिवार दिल्ली में रहता है। ग्रामीणों द्वारा फोन के माध्यम से मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार चंद्रेश शराब का अत्यधिक सेवन करता था। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद