ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर दो महिलाओं की मौत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव के पास गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने के दौरान एक ट्रक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मुबारकपुर और सिधारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के फराश टोला निवासी मीरा देवी (55) पत्नी राजेश कुमार सिंह, उनके पुत्र विक्की सिंह (25) और पड़ोसी तपेश्वरी देवी (40) पत्नी सत्तन निषाद गुरुवार को एक ही बाइक से किसी कार्य से सठियांव गए थे। काम निपटाने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मोहब्बतपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से दो ट्रकों के ओवरटेक के दौरान बाइक चपेट में आ गई। हादसे में मीरा देवी और तपेश्वरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे विक्की सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *