लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव-मेहनाजपुर रोड पर कलीचाबाद गांव के पास हुए सड़क हादसे में घायल नंदापुर निवासी युवक राकेश उर्फ बबलू 36 वर्ष की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। उपरोक्त हादसा 14 दिसंबर को दोपहर करीब तीन बजे देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव के पास हुआ था, जब सड़क पर अचानक आए कुत्ते से टकराकर बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल 100 बेड हॉस्पिटल लालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान राकेश की सोमवार को सुबह 6 बजे मौत हो गई, जबकि दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक राकेश शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी संगीता, छः वर्ष की बेटी माही और पांच वर्ष का पुत्र शान हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद