बाइक सवार बदमाशों ने की स्वास्थ्यकर्मी के पति की गोली मार कर हत्या

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर थाना अंतर्गत शहर के समीप जुनेदगंज-बिलरियागंज मार्ग पर शनिवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई जब महिला अस्पताल में तैनात स्वास्थ्यकर्मी के पति की बाइक से घर लौटते समय अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना लगभग शाम 7 बजे की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना स्थल के पास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डाक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रौनापार थाना क्षेत्र के मारा कर्मनाथ पट्टी गांव निवासी रजनीश पांडे उर्फ राजू 40 वर्ष पुत्र राघव पांडे शनिवार की शाम लगभग सात बजे बाइक से जिला मुख्यालय की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह जुनेदगंज बाइपास स्थित श्याम हॉस्पिटल के पास पुलिया तक पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली रजनीश के दाहिने कंधे में लगी, जिसके बाद वह सड़क किनारे गिर पड़े।
सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी रंजना पांडेय, जो जिला महिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात हैं, भी जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार की एक जमीन का पुराना विवाद न्यायालय में लंबित है, और उसी को लेकर कुछ लोगों द्वारा उनके पति को पहले भी धमकियां दी थीं। पत्नी ने आशंका जताई कि उसी विवाद से जुड़े लोगों ने हत्या करवाई है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. अनिल कुमार और सीओ सिटी शुभम तोदी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेकर जांच शुरू कर दी। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी ने बयान दिया है कि मृतक की बुआ का एक पुराना भूमि विवाद न्यायालय में चल रहा था। पत्नी का आरोप है कि उसी विवाद से जुड़े लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *