बाल विवाह एवं बाल श्रम उन्मूलन हेतु चला रेस्क्यू अभियान

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रमुख सचिव, महिला शासन, लखनऊ के आदेश के अनुपालन में मिशन शक्ति फेज-5 के कार्ययोजना के अनुसार 21 नवम्बर से 30 नवम्बर तक बाल विवाह एवं बाल श्रम के विरुद्ध 10 दिवसीय जागरूकता एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के क्रम में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार के कुशल निर्देशन तथा नोडल अधिकारी थाना एएचटी/अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी), बाल कल्याण समिति, जिला प्रोबेशन कार्यालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीम द्वारा जनपद के विभिन्न स्थलों पर विशेष अभियान चलाया गया।
रोडवेज, नरौली तिराहा, रेलवे स्टेशन एवं कस्बा सिधारी क्षेत्र में दुकानों व प्रतिष्ठानों पर बाल श्रमिकों की सघन चेकिंग की गई। दुकानदारों एवं आम जनता को बाल श्रम न कराने हेतु जागरूक किया गया। मिठाई की दुकान, ढाबा, रेस्टोरेंट, ऑटोमोबाइल दुकान, गैराज, बेकरी आदि स्थानों पर बाल श्रम निषेध से संबंधित पोस्टर चस्पा किए गए। अभियान से संबंधित बैनर का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन जागरूकता बढ़ाई गई। भंवरनाथ मंदिर पहुंचकर आमजन को बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूक किया गया तथा बैनर के माध्यम से संदेश प्रसारित किया गया।
अभियान में रजनीश श्रीवास्तव अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, अन्नू सिंह जेंडर स्पेशलिस्ट जिला प्रोबेशन कार्यालय, बबिता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांस्टेबल अश्वनी कुमार भारती, महिला कांस्टेबल सुनीता साहनी तथा होमगार्ड सुमन वन स्टॉप शामिल रहीं।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *