लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर मगटा स्थित पातालपुरी मंदिर के पश्चिम सुरजू के पोखरे में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पानी में तैरता मिला शव ईदू 21 वर्ष पुत्र इरफान निवासी ग्राम दौना थाना देवगांव का है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय और देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय मौके पर पहुंच गए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विदित हो कि मंगलवार को ईदू के अचानक घर से गायब होने पर परिजनों ने देवगांव कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह तालाब में उसका शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पास के गांव की एक लड़की से युवक के संबंध होने की बात सामने आ रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मुलाकात के दौरान लड़की के परिजनों ने उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई और बाद में शव को तालाब में फेंक दिया गया।
देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा अग्रिम कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद