अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कोयलसा ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय मगरुपुर स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बाद से विवादों में घिर गया है। दरअसल, विद्यालय में राष्ट्रीय पर्व के मौके पर देशभक्ति गीतों की जगह एक राजनीतिक दल विशेष का गाना बजाया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही जा रही थी। इस दौरान मासूम छात्र-छात्राएं उस गाने पर नाचते-गाते नज़र आए और विद्यालय के हेडमास्टर सुनील कुमार यादव मंच पर तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन करते दिखे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हेडमास्टर स्वयं बच्चों को गाना सुनाते हैं और डांस करने के लिए प्रेरित भी करते हैं। इससे शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिलाधिकारी से संबंधित शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर जहां देश के महापुरुषों को याद कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है, वहां राजनीतिक संदेश वाले गाने पर बच्चों से नृत्य कराना बेहद शर्मनाक है। यह राष्ट्रीय पर्व का अपमान है। ऐसे लोगों पर तो राष्ट्र के अपमान का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। यह घोर अनुशासनहीनता व निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि मेरी शिकायत पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मामले को संज्ञान में लिया और तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश पर हेडमास्टर सुनील कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि वीडियो फुटेज के आधार पर और जो भी अध्यापक दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद