मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के इसहॉकपुर गांव में मंगलवार को मौजूदा ग्राम प्रधान की तरफ से किए गए विकास कार्यों की जांच के लिए टीम आने से पहले ही मारपीट हो गई।
जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र गांव के रुदल राजभर व अन्य की तरफ से की गई शिकायत के बाद मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड की दो सदस्य टीम को मौके पर जाकर मंगलवार को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। टीम को 12 बजे दिन में पहुंचना था लेकिन करीब 11 बजे ही मारपीट हो गई।
बताया जा रहा है कि रवि राजभर अपने दादा के साथ लसड़ा खुर्द बाजार दुकान से घर की तरफ आ रहा था। गांव के रास्ते में अकरम समेत अन्य लोगों ने घेर कर मारपीट करना शुरू कर दिया। किसी तरह जान बचाकर लोग भागे। शोर सुनकर रुदल राजभर व अन्य पहुंचे तो उनको भी दौड़ा कर मारा पीटा गया। इस दौरान 2000 रुपये और मोबाइल भी ले लिया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में टीम भी पहुंच कर जांच पड़ताल की। इस दौरान भी तनाव बना रहा। तनाव को देखकर फोर्स ने मौके पर डेरा डाल दिया है। मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर तहरीर लेकर मुकदमा किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने लूट से इनकार किया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी