गांगी नदी में महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी

शेयर करे

लालगंज/गोसाईं की बाजार आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा कपसेठा मंे बुधवार सुबह तब अफरा-तफरी मच गई, जब गांगी नदी के किनारे एक महिला की अर्धनग्न लाश पाई गई। लाश की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते घटना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना पर देवगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। महिला की पहचान प्रमिला 37 वर्ष पत्नी भानु निवासी चेवार पूरब (बनवासी बस्ती) के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि प्रमिला मंगलवार की रात से लापता थी। घटना की सबसे चौंकाने वाली कड़ी यह है कि मृतका का पति घटना स्थल से फरार है, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। सूत्रों के मुताबिक संदेह और मजबूत हो रहा है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है।
फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूतों के सैंपल जुटाए हैं, जिनमें महिला के कपड़े, और आसपास की मिट्टी शामिल हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि शव को नदी में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की गई हो सकती है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने महिला के ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है। मृतका का पति भानु अब तक फरार है, जिसे लेकर पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। फिलहाल क्षेत्र में सन्नाटे का माहौल है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *