पहले प्रेमी ने ही की थी विवाहिता की हत्या

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पवई थाना क्षेत्र के दावनपारा गांव निवासी महिला की हुई हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से हत्या में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी व मृतका की मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया घटना का कारण प्रेम प्रसंग बताया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त विकास 19 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम दावनपारा ने बताया कि वह मृतका अमरावती से प्रेम करता था और उससे फोन पर बराबर बातें होती रहती थी तथा हम दोनों मिलते जुलते भी थे, इसी बीच महिला का किसी और से भी प्रेम हो गया। जब मुझे इस बात की जानकारी हुई तो मैंने उससे दूरी बना ली। 2 जुलाई को मैं अपने घर के पीछे कुल्हाड़ी से लकड़ी काट रहा था कि तभी अमरावती ने मुझे फोन कर कहा कि तुम बहुत व्यस्त हो गये हो मेरा फोन नहीं उठाते हो, फिर वह मेरे पास चली आयी। जब मैंने उसे बताया कि तुम किसी और से भी बात करती है तो फिर मुझसे सम्बन्ध रखने की कोई जरूरत नहीं है। मृतका अमरावती ने कहा कि मुझे तुमसे भी बात करनी है और रिश्ते बनाये रखने हैं। इतना कहते हुए वह मेरे बाल को पकड़कर मारना शुरू कर दी। उसकी इस हरकत से मुझे गुस्सा आ गया और मैंने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर वार कर दिया जिससे वह वहीं गिरकर तड़पने लगी और उसकी गर्दन से काफी खून बहने लगा। आरोपी विकास ने बताया कि इस घटना के बाद वह डर गया और कुल्हाड़ी और अमरावती की मोबाइल लेकर खेत के रास्ते होते हुए सर्विस लेन की तरफ चला गया और अमरावती की सिम को तोड़कर फेंक दिया तथा कुल्हाड़ी और मोबाइल को सर्विस लेन के पास खण्डौरा गांव की झाड़ी में छिपा दिया।
बताते चलें कि दावनपारा गांव निवासिनी 30 वर्षीय अमरावती उर्फ नीतू पत्नी संजय कुमार की बुधवार को घर के पीछे बाथरूम में धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। महिला घर से करीब 100 मीटर दूर बाथरूम में गई थी। थोड़ी देर बाद जब परिजन वहां पहुंचे तो महिला लहूलुहान जमीन पर पड़ी मिली। इसके बाद परिजन और गांव के कुछ लोग पहुंचे। परिजन उन्हें मित्तूपुर स्थित निजी अस्पताल लेकर गए। जहां से सीएचसी रेफर किया गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में मृतका के पति संजय की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *