महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में गुरुवार को अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती पर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह का जहां स्वागत किया गया वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने पुष्प गुच्छ से उनका स्वागत किया। संचालन अधिवक्ता संजय मिश्र व भूपेश मिश्र ने किया।
मुख्य अतिथि ने अहिल्या बाई होल्कर के जीवन, शासन शैली और उनके द्वारा समाज व धर्म के लिए किए गए योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अहिल्या बाई एक ऐसी वीरांगना थीं, जिन्होंने अपने समय में न्यायप्रिय और जनहितकारी शासन की मिसाल कायम की। उनके कार्य आज भी प्रशासन और जनसेवा के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नगर पंचायत द्वारा इस अवसर पर स्वच्छता और नारी सशक्तिकरण विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
भाजपा नेता हरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि और उपस्थित कार्यक्रताओं से अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श पर चल कर सशक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वाहन किया। रविंद्र सिंह ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन आदर्श पर कहानी सुनाते हुए उनके सामाजिक न्याय की महानता का उदाहरण प्रस्तुत किया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने अहिल्याबाई होल्कर ने सामाजिक व न्यायिक कार्यों की बात की और उनके जीवन मूल्यों पर चल कर समाज सेवा करने की बत कही।
इस अवसर पर सच्चा सिंह, दीनानाथ मिश्र, अशोक मौर्या, सुशील राय, गुलाब सिंह, विवेक सिंह, नगर पंचायत के सभासद आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा