लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के आकोल्ही गांव निवासी आशीष कुमार पुत्र अशोक कुमार के ऊपर रविवार की रात अज्ञात हमलावरों ने उस समय हमला कर दिया था जब वह अपने घर के बाहर नीम के पेड़ के नीचे सो रहा था। घायल युवक को लालगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आशीष की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। इस घटना से आसपास क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है। बताया जा रहा है कि आशीष दो दिन पहले ही मुंबई से अपने गांव लौटा था, क्योंकि उसकी शादी 8 जून को होने वाली है। आशीष के पिता अशोक कुमार के मुताबिक उनके बेटे का किसी से कोई विवाद नहीं है और इस हमले का कारण समझ में नहीं आ रहा है। घटना के बाद परिवार ने देवगांव थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें अज्ञात हमलावरों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आशीष के परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद