अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के केसरी चौक के समीप बेटी को बाइक से घर लेकर जा रहा व्यक्ति पिकअप की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गयी। बाइक पर पीछे बैठी बेटी के सिर में चोट आयी। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के भिउरा गांव निवासी गदाधर तिवारी 50 वर्ष पुत्र चिंतामणि तिवारी अपनी बेटी को बाइक से लेकर घर जा रहे थे। केसरी चौक के समीप लगभग 12 बजे दिन में अंबेडकर नगर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दी और उनके ऊपर चढ़ गयी। मौका देख पिकअप सवार फरार हो गया जबकि बाइक पर पीछे बैठी उनकी पुत्री पल्लवी के सिर में चोट आई है। सूचना मिलते ही मौके पर थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह भी पहुंच गए और घायल को नजदीकी सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने गदाधर तिवारी को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास दो लड़के विक्रांत, सत्यम व एक लड़की पल्लवी है। मृतक तीन भाइयों में बीच के थे तथा घर पर रहकर खेती-बाड़ी का कार्य देखते थे। पत्नी सुषमा समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के पुत्र की तरफ से अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद