माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के कंदरा गांव के सिवान में एक ट्यूबवेल के पास गुरुवार की सुबह 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। उसके गले में गमछा लिपटा मिलने से हत्या की आशंका जताई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक चिराग जैन में बताया कि थानाध्यक्ष अहरौला मनीष पाल, चौकी प्रभारी माहुल सुधीर सिंह के अलावा मौके पर फोरेंसिक टीम, श्वान दल ने जांच की। चार भट्ठा मजदूरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूरी जांच के बाद जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक जयश्री साहू 35 वर्ष झारखंड प्रदेश के गुमला थाना क्षेत्र के कुंजारा भरटोली गांव का निवासी था। बुधवार दोपहर में सपा विधायक रमाकांत यादव के कंदरी स्थिर्त इंट भट्टे पर काम करने के लिए अपने चाचा के लड़के विकास साहू के साथ आया था। अहरौला थाना क्षेत्र के कंदरा गांव के सिवान में ट्यूबवेल के पास उसका शव मिला। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इनसेट–
पूरी नहीं हो सकी झारखंड से आकर मजदूरी की तमन्ना
माहुल (आजमगढ़)। कंदरा गांव के सिवान में भट्ठा मजदूर का शव मिलने के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कारण कि वह एक दिन पहले बुधवार को ही भट्ठे पर मजदूरी की तमन्ना लेकर झारखंड से आया था। सुबह नलकूप मालिक अपने खेत की सिंचाई करने के लिए वहां पहुंचे तो लाश देख हतप्रभ रह गए। मृतक जय श्री साहू का चचेरा भाई विकास साहू कंदरी गांव स्थित फूलपुर-पवई विधायक रमाकांत यादव के ईंट भट्टे पर चार माह पहले से काम करता है। बीच में घर गया था। बुधवार को दोपहर में वह मृतक र्को इंट भट्टे पर काम करने के लिए घर से अपने साथ लेकर आया था।
विकास साहू ने बताया कि शाम को दोनों कुछ साथियों के साथ माहुल बाजार स्थित ठेके से देसी शराब लेकर आए और रात 10 बजे भोजन कर भट्ठे पर सो गए। रात करीब दो बजे जयश्री सार्हू इंट भट्टे से अकेले निकला था और उसकी हत्या हो गई।
शव को देखने के बाद प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि लाल रंग के गमछे से पीछे से उसका गला कसकर उसे मारा गया है। मृतक की पत्नी दिल्ली में रहकर घरों में साफ-सफाई का काम करती है। उसके दो पुत्र हैं।
रिपोर्ट-श्यामसिंह