महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लाक के देवारा जदीद-महराजगंज मार्ग की स्थिति दिन-ब-दिन अत्यधिक ख़राब होती जा रही है जो प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की पोल खोल रही है। स्थानीय लोग सड़क में गड्ढों की भरमार के कारण हो रही परेशानियों को विगत एक दशक से झेल रहे हैं। विभाग व स्थानीय विधायक से कई बार इसकी शिकायत भी की परन्तु विभाग व विधायक की उदासीनता से थक हार कर अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से सड़क मरम्मत कराने की गुहार लगाई है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर गड्ढों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ गया है। कई बार सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग व स्थानीय विधायक से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गड्ढों से भरी इस सड़क ने न केवल आम जनजीवन को प्रभावित किया है, बल्कि व्यापारियों और छात्रों के लिए भी यात्रा करना मुश्किल बना दिया है। रोजाना गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे वाहन चालक और पैदल यात्री दोनों ही जोखिम में रहते हैं।
देवारा की अग्रणी सामाजिक संगठन देवारा विकास सेवा समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क की खस्ता हाल को ठीक करने और विभाग एवं जनप्रतिनिधिओं की उदासीनता की शिकायत अब प्रदेश के मुखिया से करने के लिए सड़क पर उतर कर सांकेतिक प्रदर्शन किया। समिति के अध्यक्ष रामकेदार यादव ने कहा कि क्या आजादी के 77 सालों में हमें इतना अधिकार व सुविधाएं हमारी सरकार नहीं दे सकती कि हम सुरक्षित सड़कों पर चल सके। क्या हम केवल महान लोकतंत्र में वोट देने व सरकार बनाने की एक मशीनरी बन कर रह गए हैं।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र