आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर पुरानी पेंशन बहाली निशुल्क चिकित्सा सहित 23 मांगों के लिए संगठन के जिलाध्यक्ष बृजेश राय की अध्यक्षता में धरना संपन्न हुआ। पूर्व प्रदेश महामंत्री इंद्रासन सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षक हितों को नजर अंदाज कर रही है और नए-नए नियम लागू कर रही है जिसे शिक्षक संगठन कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
जिलाध्यक्ष बृजेश राय ने कहा कि सरकार शिक्षकों की परिलब्धियों को छीनने का कुत्सित प्रयास कर रही है। जिसका शिक्षक संघ एकता के बल पर विरोध करेगा और सरकार की ईंट से ईंट बजा देगा। शिक्षकों को जो भी परिलब्धियां मिली हैं वह अपने संघर्षों के बल पर मिली हैं। संगठन पुरानी पेंशन लेकर रहेगा। जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा व्यवस्था हर हाल में मिलनी चाहिए। इसके संबंध में अब तक केवल आश्वासन मिला है परंतु आज तक कोई सार्थक पहल नहीं निकला है। मंडली अध्यक्ष कमलेश राय ने कहा कि सरकार दंडात्मक रवैया अपना कर शिक्षकों को भयभीत कर उनकी आवाज को दबाना चाहती है जिसके विरुद्ध शिक्षक संगठन हर तरफ से संघर्ष करने को तैयार है। धरने को वरिष्ठ नेता मुन्नू यादव, दिवाकर तिवारी, प्रभाकर राय, अवधेश त्रिपाठी, परशुराम यादव, अभिमन्यु यादव, अतुल सिंह आदि लोगों ने संबोधित किया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार