आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने मंगलवार की शाम महराजगंज व कप्तानगंज थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों थानों में साफ-सफाई बेहतर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई और बेहतर सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की हालत को भी परखी। कहा सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रहने चाहिए। थाना कार्यालय के अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने रजिस्टर के बेहतर रख-रखाव की सलाह दी। जवानों से लागू किए गए नए कानूनों से संबंधित कई प्रश्न पूछे। कहा कि नए नियम के बारे में अधिक से अधिक पब्लिक को बतानी है, ताकि किसी तरह का भ्रम उनके मन में न हो। इसके लिए नए कानून के बारे में अपनी जानकारी मजबूत करनी होगी। पेंडिंग विवेचनाओं के बारे में विवेचक से जानकारी लेते हुए तत्काल स्थिति में सुधार लाने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें किसी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर नियुक्त कर्मचारियों को नए कानून के तहत पंजीकृत होने वाले मुकदमों के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। थाना परिसर, आवासीय व्यवस्था व मेस के बारे में भी जानकारी ली।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार