आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़ जिला कारागार से पेशी पर आए एक बंदी ने कोर्ट परिसर में ब्लेड से खुद के गले पर वार कर लिया। घटना से कोर्ट परिसर में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गयी। खून से लतपथ हाल में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लखनऊ जिले के ठाकुरगंज थाना अंतर्गत हबीबपुर कला पहाड़ निवासी नईम अंसारी 30 वर्ष को जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने 27 अगस्त को पॉक्सो एक्ट में लखनऊ से ही गिरफ्तार किया था। आजमगढ़ लाकर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शुक्रवार को वह जेल से न्यायालय पेशी पर लाया गया था। इसी दौरान न्यायालय लॉकअप में ब्लेड से अपने गर्दन पर वार कर लिया। बंदी के लहूलुहान होते ही मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिसकर्मी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उपचार के बाद नईम ने बताया कि उसे जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने फर्जी मामले में गिरफ्तार किया है जिसके चलते ही उसने इस घटना को अंजाम दिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार