आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बाबू केदारनाथ स्मारक जन सेवा संस्थान द्वारा संचालित भगत सिंह खेल एकेडमी निजामाबाद के तत्वावधान में चलाये जा रहे खेल खिलाड़ी संकल्प जागरूकता अभियान में राष्ट्रीय पहलवान अमरजीत यादव ने गांव में जाकर बालकों तथा बालिकाओं को खेल शिक्षा एवं योग व्यायाम से जुड़कर अपने भविष्य को संवारने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि इस जागरूकता अभियान में प्रत्येक दिन अलग अलग सम्मानित क्षेत्र वासियों को अभियान से जोड़कर इस अभियान को आगे बढ़ाने तथा प्रत्येक क्षेत्र से बालक एवं बालिकाओं को खेल से जुड़ने का आवाहन किया जा रहा है। इस अभियान में खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन कर अभियान को सफल बनाने हेतु डा.आदित्य सिंह, रामप्रवेश, सोनू यादव, मिथिलेश, मनोज तथा हंसराज यादव अपने अपने क्षेत्र से योगदान करने का कार्य कर रहे हैं। अमरजीत यादव ने कहा कि जब तक हम सभी लोग मिलकर नौजवानों को जागरूक नहीं करेंगे तथा खेल में भी बालकों के बराबर बालिकाओं को भी अवसर नहीं देंगे तब तक समाज में समानता और देश की तस्वीर बदलने में सफल नहीं हो पायेंगे। इसलिए सभी लोगों को इस अभियान से जुड़कर क्षेत्र एवं देश के बिकास में अपना योगदान सुनिश्चित करना चाहिए।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/महेन्द्र यादव