अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर के आरडी मल्टीप्लेक्स के बेसमेंट में संचालित ‘अल्टीमेट स्पोर्ट्स क्लब’ के खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित स्टेट लेवल कूडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए। एकेडमी के 19 खिलाड़ियों का चयन अब नेशनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसकी तैयारी में खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।
अल्टीमेट स्पोर्ट्स क्लब के संस्थापक व कोच प्रियम मिश्रा ने बताया कि गोरखपुर में आयोजित 9वीं उत्तर प्रदेश स्टेट कूडो चैंपियनशिप में उनकी एकेडमी से 33 बच्चों ने प्रतिभाग किया था। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 100 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए थे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर आजमगढ़ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में बेहतर खेल दिखाने वाले 19 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। नेशनल के बाद खिलाड़ियों को अक्षय कुमार इंटरनेशनल टूर्नामेंट और फेडरेशन कप में भी भाग लेने का मौका मिलेगा।
अवनि वर्मा निवासी चिश्तीपुर ने कूडो व मिक्स मार्शल आर्ट्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। अनुप्रवीन कक्षा 6 की छात्रा ने दो कड़े राउंड में बेहतरीन मुकाबला करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। अमीश गुप्ता निवासी अतरौलिया ने शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। अतरौलिया मार्केट निवासी रौनक यादव सहित अन्य बाल खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद