रानीकीसराय आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दीपावली की पूर्व संध्या पर कंपोजिट विद्यालय सरायमीर में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य बिंदु वनवासी एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करना रहा। विद्यालय परिवार की ओर से इन बच्चों को उपहार पैकेट वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।
मुख्य अतिथि भाजपा के जिला मंत्री शैलेश प्रजापति रहे। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें संस्कार, रचनात्मकता और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करते हैं। दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम अपनी खुशियों में समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों को भी सहभागी बनाएं।
रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने ट्रैफिक सिग्नल सहित विभिन्न विषयों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक रंगोलियां बनाईं। वहीं, पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने ‘हैप्पी दिवाली’, ‘ग्रीन दिवाली’ एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेशों से सजी सुंदर पेंटिंग्स तैयार कीं। बच्चों की कलात्मक अभिव्यक्ति और उत्साह ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण की झांकी का मंचन किया गया। कक्षा एक एवं दो की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लघु कथा ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस मौके पर अभिमन्यु यादव, रश्मि मौर्य, रंजना प्रजापति, कंचन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। अध्यक्षता रामभुवन मौर्य ने की।
रिपोर्ट-प्रदीप वर्मा