मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुए खेत-खलिहान

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में सोमवार को रुक-रुककर शुरू हुई बारिश ने देर रात मूसलाधार रूप ले लिया। तेज बारिश से खेत-खलिहान जलमग्न हो गए और जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीण इलाकों में चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है।
बारिश के कारण धान और अरहर की फसलों में पानी भर गया है। किसान अपनी फसल बचाने के लिए खेतों की मेड़ काटकर पानी निकालने में जुटे हुए हैं। कई स्थानों पर धान के खेतों की मेड़ के ऊपर से पानी बह रहा है। किसानों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह खेतों से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन यदि पानी की निकासी बाधित हुई और लंबे समय तक जलभराव बना रहा तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।
किसानों के अनुसार अरहर की फसल में लगातार पानी भरा रहने से उकठा रोग लगने का खतरा है, जबकि धान के पौधों के गलने की आशंका बनी हुई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगह नालों और नालियों पर अतिक्रमण होने के कारण बारिश के पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पा रही है। ऐसे में जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है। किसानों ने प्रशासन से नालों और नालियों से अतिक्रमण हटाकर पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि खेतों में जमा पानी जल्द बाहर निकल सके और फसलों को बचाया जा सके।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *